गद्यांश : दुख के वर्ग में जो स्थान भय का है वही स्थान आनन्द वर्ग में उत्साह का है। भय में हम प्रस्तुत कठिन स्थिति के नियम से विशेष रूप से दुखी और कभी कभी उस स्थिति से अपने को दूर रखने के लिए प्रयत्नवान भी होते हैं। उत्साह से हम आने वाली कठिन स्थिति के भीतर साहस के अवसर के निश्चय द्वारा प्रस्तुत कर्म सुख की उमंग से अवश्य प्रयत्नवान होते हैं। उत्साह से कष्ट या हानि सहने की दृढ़ता के साथ साथ कर्म में प्रवृत्ति होने के आनन्द का योग रहता है। साहसपूर्ण आनन्द की उमंग का नाम उत्साह है। कर्म सौन्दर्य के उपासक ही सच्चे उत्साही कहलाते हैं। जिन कर्मों में किसी प्रकार के कष्ट या हानि सहने का साहस अपेक्षित होता है उन सब के प्रति उत्कंठापूर्ण आनंद उत्साह के अन्तर्गत लिया जाता है। कष्ट या हानि के भेद के अनुसार उत्साह में भी भेद हो जाते हैं। साहित्य मीमांसकों के उस दृष्टि से युद्धवीर, दानवीर, दयावीर इत्यादि भेद किए हैं। इनमें सबसे प्राचीन और प्रधान युद्ध वीरता है जिसमें आघात पीड़ा क्या मृत्यु तक की परवाह नहीं रहती। इस प्रकार की वीरता का प्रयोजन अत्यन्त प्राचीन काल से पड़ता चला आ रहा है जिसमें साहस और प्रयत्न दोनों चरण उत्कर्ष पर पहुँचते हैं। केवल कष्ट परपीड़ा सहन करने के साहस में ही उत्साह का स्वरूप स्फुरित नहीं होता। उसके साथ आनंद पूर्ण प्रयत्न या उसकी उत्कंठा का योग चाहिए। बिना बेहोश हुए भारी फोड़ा चिराने को तैयार होना साहस कहा जाएगा पर उत्साह नहीं। इस प्रकार चुपचाप बिना हाथ पैर हिलाए घोर प्रहार सहने के लिए तैयार रहना साहस और कठिन से कठिन प्रहार सह कर भी जगह से न हटना वीरता कही जाएगी। ऐसे साहस और वीरता को उत्साह के अन्तर्गत तभी ले सकते हैं जब कि साहसी या वीर उस काम को आनन्द के साथ करता चला जाएगा। जिसके कारण उसे इतने प्रहार सहने पड़ते हैं। सारांश यह है कि आनंद पूर्ण प्रयत्न या उसकी उत्कंठा में ही उत्साह का दर्शन होता है केवल कष्ट सहने के लिए निश्चेष्ट साहस में नहीं। वृति और साहस दोनों का उत्साह के बीच संचरण होता है। दानवीर और अर्थत्याग का साहस अर्थात् उसके कारण होने वाले कष्ट या कठिनता को सहने की क्षमता अन्तहिंत रहती है। दानवीरता तभी कही जाएगी जब दान के कारण दानी को अपने जीवन निर्वाह में किसी प्रकार का कष्ट या कठिनता दिखाई देगी। इस कष्ट या कठिनता की मात्रा या संभावना जितनी ही अधिक होगीए दानवीरता उतनी ही ऊँची समझी जाएगीए पर इस अर्थ त्याग के साहस के साथ ही जब तक पूर्ण तत्परता और आनन्द के चिहन न दिखाई पड़ेंगे तब तक उत्साह का स्वरूप न खड़ा होगा।
सबसे प्राचीन और प्रधान वीरता कौन सी है ?