शॉन पार्कर
नैपस्टर के सह-संस्थापक

3 दिसंबर 1979 को वर्जीनिया में जन्मे शॉन पार्कर अमरीकन एंटरप्रेन्योर हैं। वह फाइल शैयरिंग कम्प्यूटर सर्विस नैपस्टर के सह-संस्थापक हैं। वह सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक के पहले प्रेसीडेंट भा रह चुके हैं। वह पलाक्सो, कॉजेज, एयरटाइम जैसे प्लेटफॉर्म्स के सह-संस्थापक भी रह चुके हैं। वह पार्कर फाउंडेशन के चेयरमैन भी हैं। यह फाउंडेशन लाइफ साइंस और ग्लोबल पब्लिक हेल्थ जैसे विषयों पर काम करता है। शॉन पार्कर की कुल संपत्ति 2.5 बिलियन डॉलर है।

जीवन के शुरूआती दौर में ले रिस्क

पार्कर को उनके पिताजी ने बचपन से ही एंटरप्रेन्योरशिप के गुर सिखाना शुरू कर दिए थे। उन्होंने कहा था कि अगर तुम जीवन में रिस्क लेना चाहते हो तो जीवन के शुरूआती दौर में ही रिस्क लो। पार्कर को बचपन से ही हैकिंग का शौक रहा। एक बार एफबीआई ने उन्हें पकड़ भी लिया पर वह 18 वर्ष से कम उम्र के थे। उन्हें कम्यूनिटी सर्विस की सजा मिली।

कम उम्र में कंपनियां शुरू की

पार्कर ने हाई स्कूल के दिनों में स्कूल प्रशासन को पत्र लिखकर अनुरोध किया कि कम्प्यूटर लैब में उनके द्वारा कोडिंग सीखने में लगाए गए समय को विदेशी भाषा की कक्षा अटैंड करने के तौर पर देखा जाए। जिस उम्र में युवा मौज-मस्ती करते हैं, उस उम्र में पार्कर ने कंपनियां शुरू कर दी थीं और पैसे कमाने लग गए थे।

समाज के लिए कुछ करते रहें

पार्कर ने तेजी से कई कंपनियां शुरू की। उनमें से कुछ फेल हो गई, तो कुछ ने काफी पैसा कमाया पर उन्होंने हार नहीं मानी। वर्ष 2006 में पार्कर फाउंडर्स फंड के मैनेजिंग पार्टनर बने। यह एक वेंचर कैपिटल फंड है। इसका फोकस अनोखे स्टार्टअप्स की फंडिंग पर है। पार्कर कहते हैं कि हर व्यक्ति को इस काबिल बनना चाहिए कि समाज के लिए कुछ कर सके।