प्रणय चुलेट
क्विकर के सह-संस्थापक

जयपुर में जन्मे प्रणय चुलेट क्विकर के सह-संस्थापक और सीईओ हैं। क्विकर भारतीय क्लासीफाइड एडवर्टाइजिंग प्लेटफॉर्म है। क्विकर ने रियल एस्टेट सेग्मेंट में पकड़ बनाने के लिए रियल एस्टेट पोर्टल कॉमन फ्लोर को खरीदा है। क्विकर इंडिया रियल्टी एक्सचेंज और रियल्टी कंपास को भी खरीद चुका है। प्रणय ने शुरूआती पढ़ाई राजस्थान के दरीबा में केन्द्रीय विद्यालय में की। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली। वह आईआईएम कलकत्ता से एमबीए की डिग्री ले चुके हैं।

कई कंपनियों में किया है काम

पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रणय ने प्रोक्टर एंड गैम्बल में ब्रांड मैनेजमेंट पोजिशन पर काम किया। उन्होंने मिशेल मेडिसन ग्रुप, प्राइसवाटकूपर्स, वाकर डिजिटल और बूज एलन हेमिल्टन जैसी बड़़ी कंपनियों में विभिन्न पदों पर काम किया। 2007 में उन्होंने अपना पहला वेंचर एक्सलर शुरू किया। वर्ष 2008 में उन्होंने किजीजी इंडिया शुरू किया।

शुरू में किया निवेशकों ने मना

प्रणय ने किजीजी इंडिया की रीब्रांडिंग क्विकर के रूप में की। क्विकर ने प्राइवेट इक्विटी और इन्वेस्टमेंट फर्म्स से 150 मिलियन से ज्यादा का निवेश प्राप्त किया। शुरू में क्विकर को कई निवेशकों ने खारिज कर दिया था, पर प्रणय ने हिम्मत नहीं हारी। आज लगभग 3 करोड़ यूजर्स हर माह क्विकर पर आते हैं।

लोगों की जरूरतों का रखें खयाल
प्रणय कहते हैं कि हार नहीं मानने का जज्बा मुझे विरासत में मिला है। मेरे पिताजी दरीबा माइंस में अधिकारी थे। मैंने वहां बदलाव होते हुए देखा है। अगर इंसान कोई बड़ा सपना देखे और उसे पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करे तो उसे सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। वह कहते हैं कि अगर आप बिजनेस में लोगों की जरूरतों का खयाल रखते हैं तो जरूर सफल होते हैं।