रितेश अग्रवाल
ओयो रूम्स के संस्थापक
ओयो रूम्स के संस्थापक
16 नवबंर 1993 को ओडिशा में जन्मे रितेश अग्रवाल ओयो रूम्स के फाउंडर हैं। उन्होंने अपना बिजनेस कॅरियर 17 वर्ष की उम्र में ही शुरू कर दिया था। वह थिएल फेलोशिप जीतने वाले पहले भारतीय हैं। यह फेलोशिप कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले ऐसे युवा को मिलती है, जिसके आइडिया में दम होता है। फेलोशिया के तहत अच्छे आइडिया को विकसित करने के लिए एक लाख डॉलर दिए जाते हैं। इससे उन्होंने ओयो रूम्स के अपने आइडिया को साकार किया।
पढ़ाई बीच में छोड़ बिजनेस शुरू किया
रितेश ने 18 वर्ष की उम्र में ओरवेल स्टे शुरू किया, जिसे बाद में ओयो रूम्स के रूप् में विकसित किया। रायगढ़ के सेक्रेड हार्ट स्कूल में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस एंड फाइनेंस, दिल्ली में प्रवेश लिया। उन्होंने परिवार को बिना बताए कॉलेज बीच में छोड़ दिया और कंपनी शुरू करने की प्लानिंग करने लगे।
पूरे भारत का भ्रमण किया है
रितेश ने 17 वर्ष की उम्र में पूरे भारत का भ्रमण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जगह रहने की समस्या का सामना किया। यहीं से ओयो रूम्स का आइडिया विकसित हुआ। हाल ही में उनका नाम फोर्ब्स मैग्जीन ने कन्ज्यूमर टेक सेक्टर में ’30 अंडर 30’ लिस्ट में शामिल किया।
सिम कार्ड्स बेचा करते थे
एक समय था, जब रितेश अपने गृहनगर में सिम कार्ड्स बेचते थे, आज वह इंटरनेट स्टार्टअप्स की भीड़ में खुद को सबसे बेहतरीन साबित कर चुके हैं। रितेश कहते हैं कि जब उन्होंने बिजनेस की प्लानिंग की, तो घरवाले परेशान थे। पिताजी को समझाने में काफी मुश्किलें आई, वहीं मां को लगा कि अब मुझसे कौन शादी करेगा। रितेश को खुद पर यकीन था, इसलिए उन्होंने हार नहीं मानी।