रिचा कार
जिवामे डॉट कॉम की फाउंडर
जिवामे डॉट कॉम की फाउंडर
कई लोगों ने उनके बिजनेस आइडिया का मजाक बनाया। यहां तक कि उन्हें अपनी मां का भी विरोध सहना पड़ा लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आज उनका नाम भारत की सफल महिला एंटरप्रेन्योर्स में गिना जाता है। हम बात कर रहे हैं भारत की पहली लॉन्जरीर वेबसाइट जिवामे डॉट कॉम की फाउंडर रिचा कार की। रिचा का जन्म 17 जुलाई 1980 को हुआ था। वह जमशेदपुर की रहने वाली हैं। जिवामे के ऑनलाइन लॉन्जरी स्टोर में फिलहाल 5 हजार स्टाइल, 50 ब्रांड्स और 100 साइज उपलब्ध हैं।
नौकरी के दौरान आया आइडिया
रिचा कार ने बिट्स पिलानी से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करी। उन्होंने वर्ष 2005 में एनएमआईएमएस से एमबीए किया। इसके बाद उन्होंने सैप रिटेल कंसल्टिंग और स्पेंसर स्टोर में आठ साल तक नौकरी की । वह अपने एक असाइनमेंट के तहत एक ग्लोबल लॉन्जरी रिटेलर के साथ कंसल्ट कर रही थीं, तभी उन्हें यह बिजनेस शुरू करने का आइडिया आया।
सेविंग्स से शुरू किया बिजनेस
रिचा ने जिवामे की शुरुआत वर्ष 2011 में महज 35 लाख रुपए से की थी। इसमें उनकी सेविंग्स और दोस्तों व परिवार से मिली रकम शामिल थी। वर्ष 2012 में कलारी कैपिटल ओर आईडीजी वेंचर्स ने उनकी वेबसाइट में बड़े निवेश का एग्रीमेंट किया। इसके बाद कई बड़े निवेशकों जैसे रतन टाटा, यूनीलेजर वेंचर्स, जोडियस टेक्नोलॉजी फंड आदि ने भी जिवामे में निवेश किया।
अपनी जिद से ला रही है बदलाव
जिवामे का रेवन्यू सालाना आधार पर 300 फीसदी की दर से बढ़ रहा है। रिचा ने अगले तीन साल में 1000 करोड़ रुपए का टर्नऑवर हासिल करने का टारगेट रखा है। रिचा बताती है कि आज उनकी कंपनी को 30 फीसदी बिजनेस छोटे और मझोले शहरों से मिल रहा है। उनका टारगेट भारतीय महिलाओं की लॉन्जरी पहनने की आदतों को बदलना है।