पियरे ओमिडयार
ईबे के संस्थापक
ईबे के संस्थापक
21 जून 1967 को जन्मे पियरे ओमिडयार ई-कॉमर्स कंपनी ईबे के संस्थापक है। ईबे के 1998 में आए आईपीओ ने उन्हें 31 वर्ष की उम्र में ही अरबपति बना दिया था। उन्होने 2004 में ओमिडयार नेटवर्क की स्थापना की। यह संस्था सामाजिक कार्य करती है। 2010 से उन्होने होनोलूलू सिविल बीट न्यूज सर्विस शुरू की है। यह खोजी पत्रकारिता और ऑनलाइन जर्नलिज्म करती है। कम्प्यूटर में उनकी रूची बचपन से ही थी। उन्होंने शौक को ही अपना बिजनेस बना लिया और सफल हुए।
एप्पल से जुड़ी कंपनी में काम किया
ओमिडयार का जन्म पेरिस में हुआ। उनके पिता सर्जन और मां रिसर्च स्कॉलर थी। ओमिडयार बचपन से ही माता-पिता के साथ अमरीका शिफ्ट हो गए। उन्होंने मैरीलैंड से सेंट एंऽ्यू बिशप स्कूल से पढाई की। उन्होंने टफ्ट्स यूनिवर्सिटि से कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन किया। उन्होंने एप्पल की सहायक कंपनी क्लैरिस में काम किया।
समान रूची के लोग करें काम
फोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक ओमिडयार के पास 8.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति है। वह कहते है कि हर कोई बराबर योग्यता लेकर जन्म लेता है, पर हर किसी को बराबर अवसर नही मिल पाते। अगर लोग अपनी ताकत को पहचान लें तो जीवन में बडा बदलाव हो सकता है। अगर दुनिया में समान रूची के लोग मिलकर काम करें तो वे बहुत जल्दी सफल हो सकते हैं।
ई-शॉप से शुरू करके ईबे तक
1991 में ओमिडयार ने इंक डवलपमेंट की स्थापना की। यह पेन आधारित कम्प्यूटर स्टार्टअप था। बाद में इसकी ब्रांडिंग ई-कॉमर्स कंपनी के रूप में की गई और इसे ई-शॉप कहा गया। 1995 में उन्होंने कम्प्यूटर कोड लिखना शुरू किया। उन्होंने इसे ऑक्शन वेब के रूप में विकसित किया। बाद में यही ईबे कहलाई। अब ईबे ई-कॉमर्स की दुनिया में मशहूर वेबसाइट बन चुकी है।