पायल कड़ाकिया
क्लास की सीईओ

भारतीय मूल की पायल कड़ाकिया क्लासपास की सीईओ और सह-संस्थापक हैं। क्लासपास अमरीकन फिटनेस स्टार्टअप है। यह कंपनी 30 से ज्यादा शहरों में फिटनेस क्लास में हिस्सा लेने का ऑफर देती है। अब तक यह कंपनी 70 लाख से ज्यादा फिटनेस क्लास बुक कर चुकी है। हाल ही में फॉर्च्यून मैगनीज ने उन्हें वर्ष 2015 की सबसे प्रभावशाली महिला उद्यमियों की सूची में शामिल किया है। पायल को बचपन से ही डांस पसंद है। पढ़ाई के दौरान भी वह डांस से जुड़ी रहीं। वह न्यूयार्क में सा डांस कंपनी की सीईओ भी हैं।

समय मिलने पर डांस सीखने लगी

पायल ने हाई स्कूल में फिजिक्स और केमिस्ट्री में रूचि दिखाना शुरू किया, पर डांस का जुनून कायम रहा। वह मेसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से ऑपरेशन्स और इकोनॉमिक्स में मास्टर्स कर चुकी है। शुरूआत में उन्होंने बेन एंड कंपनी में नौकरी की। समय मिलने पर वह डांस की विभिन्न विधाओं को सीखती थी। वह वार्नर म्यूजिक ग्रुप में भी काम कर चुकी हैं।

शौक को दिया बिजनेस का रूप

पायल की कंपनी ने जब अमरीका में स्टेज शोज पेश किए, तो वह तेजी से लोगों के बीच में मशहूर होने लगीं। आज उनका बिजनेस लगभग 40 करोड़ डॉलर का हो चुका है। वह भारतीय नृत्य को पश्चिमी जगत में प्रसिद्धि दिलाने की कोशिश कर रही हैं। वह शौक को बिजनेस के रूप में विकसित करने वाले लोगों के लिए रोल मॉडल हैं।

रिस्क लें और विफलता से न डरें

पायल कहती हैं कि डांस ने उन्हें जीवन में बैलेंस रखना सिखाया है। डांस के कारण वह बड़ी चुनौतियों का हंसते हुए सामना कर लेती है। वह कहती है कि इंसान को खुद पर भरोसा करना चाहिए और रिस्क लेनी चाहिए। जो इंसान विफलता से डरता है, वह कभी नए अवसर प्राप्त नहीं कर सकता। पायल ऐसा स्कूल बनाना चाहती है, जो भारतीय परफॉर्मिंग आर्ट्स को नई पहचान दिलाए।