दीपेन्द्र गोयल
जोमाटो के सीईओ
जोमाटो के सीईओ
पंजाब के मुक्तसर में जन्में दीपेंद्र गोयल जोमाटो के सीईओ हैं। दुनिया के कोने-कोने में मौजूद फूड लवर्स के लिए अच्छे से अच्छे खाने का लुत्फ और अच्छे से अच्छे रेस्तरां का आनंद सुनिश्चित करने के लिए दीपेंद्र अपने साथी पंकज चड्ढा के साथ जोमाटो लेकर आए। जोमाटो के जरिए आप अपने आस-पास खाने-पीने के विश्वसनीय स्थानों का पता लगा सकते हैं। इसके लिए जोमाटो रेस्तरांओं से जानकारी जुटाती हैं। यह भारत, ऑस्ट्रेलिया समेत 23 देशों में काम करती है।
फूडीबे को छोड़ जोमाटो नाम रखा
दीपेंद्र ने जोमाटो की शुरूआत ’फूडीबे’ के रूप में की थी। इसका नाम ईबे से मिलता-जुलता होने के कारण उन्होंने जोमाटो नाम रखा लिया। वह कहते हैं कि आपको लोगों के साथ अच्छा और ईमानदार व्यवहार करना चाहिए। लागों के साथ बुरा व्यवहार करके आप कुछ महत्वपूर्ण हासिल नहीं करते। इससे कंपनी में नकारात्मकता ही आती है।
जरूरी है अच्छे लोगों की हायरिंग
दीपेंद्र कहते हैं कि हमें अच्छे लोगों को हायर करना चाहिए। अगर आपने अच्छे लोग हायर किए हैं तो उनके प्रबंधन की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि अच्छे लोग हायर करना आसान नहीं है। लेकिन जब एक बार हमें पता लग जाता है कि हमने गलत व्यक्ति हायर कर लिया है तो हम उसे जाने देते हैं।
आईआईटी दिल्ली में पढ़ चुके हैं
दीपेंद्र के माता-पिता दोनों ही शिक्षक थे। इस कारण घर में पढ़ाई का माहौल था। गणित में गहरी रुचि रखने वाले दीपेंद्र ने आईआईटी दिल्ली से मैथ्स और कम्प्यूटिंग में इंटीग्रेटेड एमटेक की डिग्री ली। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बेन एंड कंपनी में कंसल्टेंट के रूप में काम किया। यहीं उन्हें ऑनलाइन फूड पोर्टल का आइडिया आया।