बिल मैकडरमोट
सैप एसई के सीईओ

18 अगस्त 1961 को न्यूयॉर्क के फ्लशिंग में जन्में बिल मैकडमोट सैप एसई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। सैप एसई के जर्मन सॉफ्टवेयर कॉर्पोरेशन है। यह 190 देशों में काम करता है। बिल कम उम्र में ही लॉन्ग आइसलैंड में पैक्ड फूड की दुकान में काम करने लग गए। बाद में उन्होंने 5500 डॉलर उधार लेकर वह दुकान खरीद ली। इसकी कमाई से उन्होंने डाउलिंग कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की। उन्होंने जेरोक्स में अपना प्रोफेशनल कॅरियर शुरू किया और वहां 17 साल काम किया।

सबसे युवा डिविजन प्रेसीडेंट रहे हैं

बिल ने केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए किया। कड़ी मेहनत से वह कुछ ही समय में जेरोक्स के सबसे युवा डिवीजन प्रेसीडेंट बन गए। उन्होंने गार्टनर में प्रेसीडेंट के तौर पर अपनी सेवाएं दीं। वह साइबेल सिस्टम के वाइस प्रेसीडेंट भी रह चुके हैं। उन्होंने सैप में 2002 से काम शुरू किया और जल्द ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां मिलने लगीं।

सपनों का होना बहुत जरूरी है

बिल ’विनस्र ड्रीम : ए जर्नी फ्रॉम कॉर्नर स्टोर टू कॉर्नर ऑफिस’ नाम से आत्मकथा लिख चुके हैं। वह बताते हैं कि एक दौर था, जब उनकी मां ने कहा था कि जीवन में सपनों का होना बहुत जरूरी है। इसी से दुनिया बदलती है। वह कहते हैं कि सफल होने के लिए व्यक्ति को सबसे पहले अपना मुल्यांकन जरूर करना चाहिए।

दबाव होने पर भी रहते हैं कूल

सैप दुनिया की सबसे बड़ी बिजनेस सॉफ्टवेयर कंपनी है। इसका सीईओ होने के नाते बिल पर काम का काफी दबाव होता है, पर वह हर मीटिंग में कूल नजर आते हैं। वह कहते हैं कि बिजनेस में सफल होने के लिए हर ग्राहक की भावना को समझना बहुत जरूरी है। अगर आप बिजनेस में वर्क इथिक्स और हार्ड वर्क को महत्व देते हैं तो कोई भी आपको सफल होने से नहीं रोक सकता।