रेडियो से ट्यून हुआ कॅरियर

रेडियो में रुचि रखने वाले लोग इसके कई फील्ड्स में आजमा सकते हैं हाथ। घर की शांति में या बस की भीड़-भाड़ में जो रेडियो आपका साथ निभाता है, उसमें कॅरियर की भी अच्छी संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। आज बड़ी संख्या में आए निजी एफएम चैनल अपने साथ जॉब के अवसरों में वृद्धि भी लाए हैं।

रेडियो यानी अनोखा संवाद

रेडियो एक ऐसा माध्यम है, जिसमें आप रेडियो पर बोल रहे व्यक्ति की बस आवाज सुन सकते हैं, उसे देख नहीं सकते। रेडियो से लोगों के खास लगाव की एक वजह यह भी है कि इसे सुनते हुए लोग सुनी जा रही आवाजों के आधार पर कई कल्पनाएं बुनते हैं। यह आजादी दृश्य माध्यम में नहीं मिलती है।

कई हैं अवसर

सरकारी रेडियो चैनल ऑल इंडिया रेडियो के अलावा निजी एफएम चैनलों के आ जाने के साथ इस क्षेत्र में जॉब के अवसर बढ़े हैं। आज युवा एआईआर के विभिन्न स्टेशन्स पर तो कॅरियर के विकल्प तलाश ही सकते हैं, साथ ही, विभिन्न एफएम चैनल्स व कम्यूनिटी रेडियो में भी उनके लिए अवसर हैं।

रेडियो जॉकी

रोजाना कॉलेज की भागदौड़ के दौरान जब आप अपने कानों में एफएम लगाते हैं, तो रेडियो जॉकी की उत्साह से लबरेज आवाज मानो सारा तनाव गायब कर देती है। मस्ती के साथ बोलते ये रेडियो जॉकी कई युवाओं के कॅरियर आइडल हैं। रेडियो जॉकी का कोर्स 12वीं के बाद किया जा सकता है। यहां बोलने का स्टाइल आपकी पहचान होता है। निजी एफएम चैनल्स तो एड या टैलेंट हंट के जरिए लोगों को चुनते हैं। एआईआर के लिए सरकारी विज्ञापन अखबारों में आते हैं।

कंटेंट राइटिंग में भी अवसर

रेडियो पर विभिन्न शिक्षाप्रद कार्यक्रमों, श्रव्य नाटकों, विज्ञापनों आदि का भी प्रसारण किया जाता है। इन कार्यक्रमों के लिए स्क्रिप्ट पहले से लिखी जाती है। इसके लिए रेडियो में कंटेंट राइटर्स की विशेष तौर पर मांग रहती है। यदि आप लेखन में रुचि रखते हैं और आसपास की घटनाओं या खुद को मिले टॉपिक पर रचनात्मक ढंग से स्क्रिप्ट्स लिख सकते हैं तो इस पद पर आप काम कर सकते हैं। अपनी लेखन क्षमता में निखार लाने के लिए नियमित पठन-पाठन व लेखन करते रहें।

रेडियो जर्नलिज्म

रेडियो के जरिए भी जर्नलिज्म होता है। एआईआर पर समय-समय पर आने वाले न्यूज बुलेटिन इसी का हिस्सा हैं। रेडियो के अपने रिपोर्टर होते हैं, जो इसके लिए खबरें ढूंढकर लाते हैं। जर्नलिज्म में डिग्री या डिप्लोमा रखने वाले लोगों को इस फील्ड में एंट्री मिलती है। इसके अलावा न्यूज रीडिंग के लिए भी विशेष तौर पर न्यूज रीडर्स की नियुक्ति की जाती है। ट्रांसलेशन का काम भी रेडियों में कराया जाता है।
रेडियो पर रेडियो जॉकी से लेकर स्क्रिप्ट राइटर तक की नियुक्ति की जाती है। आप अपनी पसंद के अनुसार रेडियों से जुड़कर अपना कॅरियर बना सकते हैं।